आज देशभर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में राजनांदगांव जिले का मुख्य जिला स्तरीय समारोह दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. रमन सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके पश्चात स्वच्छ भारत मिशन के तहत तिरंगे रंग के गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया, जो स्वच्छता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक रहा।
समारोह में 22 प्लाटून कमांडर परेड के जवानों ने अनुशासित मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित भी किया गया।
गणतंत्र दिवस समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।
